Sunday, August 28, 2011

जिंदगी-बहता पानी




जिंदगी हाथों से फिसलनी है,
फिसल ही जायेगी|

है जब तक....मुस्कुरा लें
झूम लें, गीत गा लें|

अच्छे-बुरे का, पाप-पुण्य का
हिसाब किताब ले क्यों बैठें?

सरलता से, सहजता से
बस, हर पल जी लें|

 पानी बहता ही अच्छा
राहें चलती ही अच्छी|

पल, पल से कदम मिला,
समय संग हम चलते रहें|

पार कर गए जो मुकाम,
पीछे  पलट कर क्यों देखें?

बाँध कर अतीत का बोझ,
सफ़र भारी क्यों करें?

पानी सागर की और ही बहता,
राहें मंजिल की तरफ ही बढती|

चलते, चलते यूं हम भी,एक दिन,
प्रभु प्रीतम को पा ही जायेंगे|

रूपांतरण




जटिल थी मैं,
सरल हो गयी हूँ|

मुश्किल थी मैं,
आसान हो गयी हूँ|

उलझी थी मैं,
सुलझ गयी हूँ|

भारी थी मैं,
हलकी हो गयी हूँ|

शोर थी मैं,
मौन/शांत हो गयी हूँ|

स्थूल थी मैं,
सूक्ष्म हो गयी हूँ|

प्रयास, कोशिश थी मैं,
सहज हो गयी हूँ|


गुरुदेव




पत्थर हूँ मैं, मुझे तराश दीजिये
मिटटी हूँ मैं, मुझे आकार दीजिये|

बरसों से तलाश जिसकी
जन्मों से इंतज़ार जिसका
एक अपना, एक आत्मज
एक उद्धारक, एक तारक|

संसार पाया हर जनम में
रिश्ते-नाते बने हर जनम में|
एक रिश्ता जिससे अनजान हूँ
जोड़ कर तार मुझे बाँध लिजिए|

शिष्य बना  अपना, मुझे कृतार्थ करें
कृपा दृष्टि बस एक बार कर दें|
कौन मुझसे मेरी पहचान कराएं
कौन मुझे परमात्मा तक पहुंचाएं?


स्व हित साधो पर हित साधो




नदी प्यासी नहीं भटकती है
दूसरों की प्यास बुझाती है

पेड़ भूखा नहीं मरता है
औरों की भूख मिटाता है

सावन प्यासा नहीं रहता
औरों कि प्यास बुझाता है

दीपक अंधेरों में नहीं भटकता है
औरों को राह दिखाता है 

मांझी अकेले पार नहीं उतरता है
औरों को भी पार उतारता है

महापुरुष अकेले नहीं उठते
औरों को भी  उठाते है

धर्म केवल अच्छे को ही नहीं 
पापी को भी शरण देता है

परमात्मा अकेले नहीं तरते
औरों को भी तारते है |


प्रभु कृपा ऐसी




प्रभु की कृपा ऐसी कि
अँधेरे उजाले में बदल जायें
दुःख सुखरूप बन जायें
दुर्बलताएं शक्ति बन जायें
कमजोरियां ताकत बन जाएँ
लघु महान बन जायें
हार जीत बन जायें
गुणहीन गुणवान बन जायें
इन्सान भगवान् बन जायें|


सहज जीवन




फूल हूँ मैं
सहज खिलना मेरा,
सहज मुस्कुराना मेरा
और सहज ही मुरझाना मेरा|
तप, त्याग मैं क्या जानूं?
प्रभु चरणों में अर्पण हो जाऊं|

पंछी हूँ मैं
सहज है गान मेरी
सहज ही उड़ान
सहज जीना-मरना मेरा|
ज्ञान ध्यान मैं क्या जानूं?
अनंत आकाश में बस विचरना चाहूँ |

नदिया हूँ मैं
सहज है बहना मेरा,
सहज मार्ग ढूंढना
और सहज गंतव्य तक पहुंचना मेरा|
साधना-आराधना मैं क्या जानूं?
प्रभु प्रीतम सागर में विलीन हो जाऊं|

बस यूं ही




चाहते अगर
तो मौन की गहराई में उतर सकते थे,
गीत मगर गुनगुना बैठे, बस यूं ही...

चाहते अगर
तो सफर पर निकल सकते थे, अकेले ही,
साथ की चाह में मगर इंतज़ार करते रहे, बस यूं ही...

चाहते अगर
तो कोरे कैनवास को कोरा ही छोड़ सकते थे,
आडी तिरछी रेखाएं सतरंगी खींच बैठे, बस यूं ही...

चाहते अगर
तो हकीकत से आँखें चार कर, जागे रह सकते थे
नैन मूँद, मदभरे ख्वाबों में मगर खोये रहे, बस यूं ही...


चाहते अगर
तो होश-ओ-हवास में अपने सदा रह सकते थे,
मदहोश हो मगर बहक उठे मस्ती में, बस यूं ही....

चाहते अगर
तो तुम तक जरूर पहुँच सकते थे, भगवन
बेमतलब ही संसार में भटकते रहे, बस यूं ही......