Sunday, August 28, 2011

पंछी




मस्त गगन में उड़ रहा तू
आनंद सागर में तैर रहा तू|
आँखों में कोई ख्वाब नहीं
दिल में कोई तमन्ना नहीं|

कल्पना का सुनहरा जाल नहीं
यादों की कोई जंजीर नहीं|
अतीत का कोई बोझ नहीं
दुखों का कोई जहर नहीं|

कल से मुक्त आज में जीता तू
अभी का आनंद अमृत पीता तू
क्षण-क्षण का जीवन जीता और
दानें दो खा संतुष्ट हो जाता तू|

मिल जाए जहां शीतल छाँव
दो घडी सुस्ता लेता तू|
ऊँचाइयाँ आसमान की मापता
अनंत आकाश बस में करता तू|

हम मानव, प्रभु की उत्कृष्ट कृति
फिर भी जिंदगी से अनजान है,
जीना सहज हमें भी सीखा दें तू
पाठ जिंदगी का हमें भी  पढ़ा दे तू|


वृक्ष

गर्मियों की तपती दुपहरी हो
या सर्दियों की ठिठुरती रातें,
खुले आकाश के नीचे
सीना ताने खड़ी रहती है|

पानी का अभाव हो
या बाढ़ का अतिशय जल
खाना अपना आप बनाती है
मीठे फल हमें देती हैं|

झड जाए पुराने पत्ते तो
नए  कोंपल फिर उग आते है
हरी भरी हमेशा रहती है
शीतल छाँव हमें देती है|

फल-फूल छाँव सब पाते है
बदले में मगर क्या देते हम?
प्रकृति की देन क्या कम है
जो उसी पर अत्याचार करते हम?

अज्ञान, नासमझ पशु भी जब
पत्ते, फल खा संतुष्ट हो जाते है ,
फिर मानव होकर भी हम
इसे समूल क्यों नष्ट करते है?


अमृत बूँद पी लें




जो गुजर गया उसे गुजर जाने दें
अतीत को वर्तमान में न आने दें
भूल चुके जो, भूला ही रहने दें
यादों को लौट कर न आने दें

जो आया नहीं उसकी चिंता न कर
भविष्य के रंगों की, न कल्पना कर
अनदेखे कल में न उड़ानें भर
कल्पित भविष्य में वक़्त न जाया  कर

तेरी पूँजी, तेरी दौलत है आज में
तेरा सुख, तेरी शान्ति है आज में
आज को, वर्तमान को सही जी लें
पल पल के अमृत बूँद को पी लें

यही कहता धर्म, यही कहता योग
जाग्रत हो, सचेत हो हर क्षण में
अतीत गया, भविष्य आये न आये
वर्तमान तो तेरा तेरे हाथ में हैं|


ढाई अक्षर प्रेम के




अनपढ़ भी जो पढ़ सकें
अँधा भी जो देख सके,
ढाई अक्षर प्रेम के|

मूक पशु भी  जो समझ सकें
मनुष्य को जो मानव बनाये,
ढाई अक्षर प्रेम के|

लाल के शीश दुआ बन फले
भाइयों की कलाई पर जो बंधे,
ढाई अक्षर प्रेम के|

प्रेमिका के दिल में धडके
सुहागिन की मांग में जो सजे,
ढाई अक्षर प्रेम के|

बांटने से जो बढ़ता जाये
देने से जो मिलता जाये, 
ढाई अक्षर प्रेम के|

शाश्त्रों का महापंडित
योगविद्या  का ज्ञानी
झुके जिसके सामने,
ढाई अक्षर प्रेम के|

दुश्मन को पछाड़ना हो
भावना की रणभूमि में
एक ही शस्त्र काम आये, 
ढाई अक्षर प्रेम के|

सारे धर्मों का सार है जो
संत महात्मा की वाणी में जो,
ढाई अक्षर प्रेम के

प्रभु के द्वार जो पहुंचा दे
उस प्रीतम से जो मिला दें  
ढाई अक्षर प्रेम के|


अब हमें भरमाओं न




मुद्दत लगे दिल को समझाने में
पत्थर की नगरी में जीना सिखाने में,
फूलों का हसीं नजारा दिखा, अब हमें भरमाओं न|

बरसों लग गए, मोम से जिस्म को
पत्थर की खामोश मूरत में ढलने में,
स्नेहिल नजरों से अब इसे पिघलाने की कोशिश करो न|

सावन भादों से बरसते रहे ये नैन
तब कहीं जाकर,दिल से अतीत के दाग छूटे,
अब याद हमें किसी लम्हें की दिलाओ न|

लड़खड़ाते क़दमों न, बड़ी मुश्किल से
सहारे की बैसाखियाँ छोड़ चलना सीखा है,
हाथ अपना दें, दुबारा इन्हें कमजोर बनाओ न|

रिश्तों के बोझ तले, कहीं दब गया मेरा अस्तित्व
सब कुछ खोकर ही आज यह आत्मधन पाया है,
बेड़ियाँ सब टूट गई, अब रिश्तों की दुहाई न दो|


जिंदगी ने सब सिखा दिया




न अपने रहे, न सपने रहे
अब छलने  के लिए
'स्व' में हम स्थिर हो गए|

न राह कोई, न मंजिल कोई
अब क़दमों को उकसाए
मुकाम खुद मंजिल हो गए|

न सूरज की, न चाँद की
अब मैं बाट निहारूं
मैं तो स्वयं 'दीया' बन गयी|

न सपना कोई, न ख्वाब कोई
अब नैनों को भरमाये
यथार्थ की अब दृष्टि  हो गई|

न साथी की, न हमसफ़र की
अब कोई तमन्ना है
'आत्मसाथ' जो पा लिया हमने|

न गुरु  की, न ज्ञान की अपेक्षा
कुछ सीखने के लिए
जिंदगी न सब सिखा दिया हमें|




ख़ामोशी मेरी



मौन के गीत सुनाती
मन मेरा बहलाती , ख़ामोशी मेरी
मुश्किल बातें सुलझाती
आसान हल सुझाती, ख़ामोशी मेरी|

उलझे रिश्ते संवारती
रूठे अपनों को मनाती, ख़ामोशी मेरी|

प्रेम, दोस्ती सहज बढ़ाती
सबको सादगी  से अपनाती, ख़ामोशी मेरी|

दृष्टि  निर्मल करती
सोच सुलझी करती, ख़ामोशी मेरी|

'स्व' में गहराती जाती
मुझसे मेरा परिचय कराती, ख़ामोशी मेरी|

मीठे बोलों से मीठी
मधुर गीतों से मधुर, ख़ामोशी मेरी|