Sunday, August 28, 2011

मैं से मैं तक




पहले भी अकेली थी मैं
और आज भी अकेली हूँ,
पर तब मैं तन्हाह थी
और आज  एकाकी हूँ|

पहले भी ख़ामोशी थी
और आज भी ख़ामोशी हैं,
पर तब ये चुप्पी थी
और आज ये मौन है|

जितनी करीब जिंदगी तब थी
आज भी उतनी करीब है,
पर तब  एक पहेली थी
और आज  सहेली है|

तब भी मैं 'मैं' थी
और आज भी मैं 'मैं' हूँ,
पर तब अहंकार का मैं था
और आज आत्मबोध का मैं|


किसका इंतज़ार है?




वो किस बहार का इंतज़ार है,
जो जिंदगी को महका दें?
ये जो बहार छाई है,
इसकी खुशबू में कमी है कोई?
ये जो फूल खिले है,
इनकी रंगत  में कमी है कोई?

वो किस सवेरे का इंतज़ार  है,
जो जिंदगी को रोशन कर दें?
ये जो आज सूर्य उदय हुआ है,
इसकी रौशनी में कमी है कोई?
सारा जग जो जगमगा उठा है,
इसकी चमक में कमी है कोई?

वो किस सावन का इंतज़ार है,
जो तन-मन शीतल कर दें?,
ये जो मतवाला मौसम छाया है,
इसकी मस्ती में कमी है कोई?
हर नजारा  जो भीगा, भीगा सा है,
इसकी ठंडक में कमी है कोई?

वो किस भविष्य का इंतज़ार है,
जो जिंदगी हमारी संवार दें?
ये जो चौबीस घंटों का दिन मिला है,
ये खजाना क्या कम है?
अनमोल पलों के जो मोती मिले,
इनकी कीमत क्या कम है?

मेरी तो बहार भी आज है,
और मेरा तो सवेरा भी आज है|
मेरा तो सावन  भी आज है,
और मेरा तो भविष्य भी आज है|


तन-मन के परे

 तन में हूँ मैं,
 मन में हूँ मैं,
 तन-मन में केन्द्रित हूँ मैं|
तन के एहसास में,
मन के भाव में,
तन्मयता है, एकरसता है|
 पर तन से हटना है,
मन से सरकना है
 परे इन दोनों के होना है|
असली केंद्र को ढूंढना है
मूल तत्त्व को पहचानना है
आत्म में रमना है|  

आत्म- रमणता




हर इच्छा की नदी बह
अन्तः
आत्म-रमणता के महासागर में 
विलुप्त हो जाए|
हर कर्म, अच्छा-बूरा
अन्तः
आत्म-ज्ञान की प्रचंड ज्वाला में
जल, भस्म हो जाए|

भव-भ्रमण की राहें
अन्तः
आत्म साक्षात्कार  की मंजिल में 
विश्राम पा जाए| 


अदृश्य का दर्शन




रात और दिन, चौबीस घंटे
दृश्य को ही देखते रहोगे
तो अदृश्य का दर्शन करोगे कैसे?

कभी बोल के शोर तो कभी,
मधुर गीतों की धुन, सुनते ही रहोगे
तो मौन का श्रवण करोगे कैसे?

कभी अच्छे तो कभी बुरे,
आठों पहर कर्म करते ही रहोगे
तो अकर्म का अभ्यास करोगे कैसे?

कभी राग से, कभी द्वेष से
संसार से बंधे ही रहोगे
तो संसार के पार उतरोगे कैसे?


Sunday, July 24, 2011

नये चोंगे मिलते रहेंगे

डगमगाई है कश्ती,
और डूब भी गए हम|
फिर भी मिटते नहीं हम|
किनारे न पहुंचे जब तक,
कश्तियाँ नई मिलती जायेंगी|

लडखडाये है कदम,
घायल हुए, और मर भी गए हम|
फिर भी ख़तम न हुआ सफ़र|
मंजिल न पा लें जब तक,
नए तन के चोले मिलते रहेंगें|

गलतियाँ बहुत किये,
अनुतीर्ण भी हो गए हम|
पर इम्तिहान न ख़त्म हुआ|
उत्तीर्ण न हो जाए जब तक,
नए पर्चे मिलते ही जायेंगें|



साथ तुम रहना



 अनजाना ये सफ़र ज़िन्दगी का
साथ तुम रहना, पहचाने प्रभु|

हो सदा, राहें मेरी रौशन
ये दुआ नहीं मांगती,
पर जब कभी अँधेरा छाये 
हाथों में मेरे तेरा हाथ रहे|

रहे सदा बहार का मौसम
ये तमन्ना भी नहीं, प्रभु
पर जब खिज़ा का मौसम छाये
पुनः नए सृजन का विस्वास रहे|

सिर्फ सुख का मिले वरदान
ऐसी खुदगर्जी नहीं, भगवन
जब भी मगर दुःख आये
मन समता भाव में रहे|

अनुकूल हो हर परिस्थिति
ये भी इल्तजा नहीं, प्रभु,
जब प्रतिकूलता कभी आये
तो मनस्तिथि स्वस्थ बनी रहे|